
एजेंसी
नई दिल्ली: बॉलिवुड की बेस्ट फ्रेंड्स मानी जाने वाली करीना कपूर खान और अमृता अरोड़ा कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई हैं। न्यूज एजेंसी ‘ANI’ ने दोनों ऐक्ट्रेसेज के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुंबई यानी बीएमसी ने बयान जारी कर बताया है कि दोनों ऐक्ट्रेसेज ने कोविड नियमों की धज्जियां उड़ाकर बीते दिनों खूब पार्टीज की हैं। बीएमसी ने दोनों संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों से अपील की है कि वो जल्द से जल्द अपना आरटीपीसीआर टेस्ट करवा लें।
रिपोर्ट के मुताबिक, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने अपने बयान में कहा, ‘ऐक्ट्रेस करीना कपूर खान और अमृता अरोड़ा कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई हैं। इन दोनों ने कोविड मानदंडों का उल्लंघन किया था और कई पार्टियों में शामिल हुई थीं।’
बीते हफ्ते करीना कपूर खान और अमृता अरोड़ा सहित मलाइका अरोड़ा और करिश्मा कपूर को अपने दोस्तों और भाई-बहनों के साथ रिया कपूर के घर पर क्रिसमस पार्टी करते हुए देखा गया था। इसके साथ ही दोनों बीते दिनों करण जौहर के घर पार्टी में भी शामिल हुई थीं। इस पार्टी में अर्जुन कपूर और आलिया भट्ट भी मौजूद थे।
वर्क फ्रंट की बात करें तो करीना कपूर खान आगे आमिर खान स्टारर ‘लाल सिंह चड्ढा’ में नजर आएंगी। यह टॉम हैंक्स की क्लासिक हॉलिवुड फिल्म ‘फॉरेस्ट गम्प’ की रीमेक है। अद्वैत चंदन इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं।