BY: RAVI BHUTDA
बालोद: प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेंडिया के निर्देश पर विभागीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु राज्य उच्चस्तरीय समिति रायपुर द्वारा कल समाज कल्याण विभाग बालोद के विभागीय योजनाओं, संस्थाओं का निरीक्षण किया गया। समिति में समाज कल्याण विभाग के उप सचिव राजेश तिवारी और संयुक्त संचालक पंकज वर्मा शामिल थे। डिप्टी कलेक्टर एवं समाज कल्याण विभाग के प्रभारी उप संचालक आरएस ठाकुर ने बताया कि अधिकारियों द्वारा सुख आश्रय वृद्धाश्रम शिकारीपारा का निरीक्षण किया गया। जिसका संचालन समताजन कल्याण समिति राजनांदगाॅव के द्वारा किया जा रहा है। उक्त संस्था में कुल 19 वृद्धजन निवासरत है। वृद्धाश्रम में कोरोना वायरस के संक्रमण से रोकथाम हेतु शासन के निर्देशों का पालन किया जा रहा है। वृद्धजनों को समय पर नाश्ता, भोजन एवं दवाईयों का सेवन कराया जा रहा है। वृद्धजनों के मनोरंजन हेतु टीवी, कैरमबोर्ड, पुस्तकें आदि की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा वृद्धाश्रम में नए पद्धति अनुसार शौचालय निर्माण कराए जाने निर्देशित किया गया। प्रभारी उप संचालक ने बताया कि समिति द्वारा जिला मुख्यालय के घड़ी चौक स्थित मानसिक दिव्यांगों हेतु संचालित घरौंदा का निरीक्षण किया गया। जिसका संचालन गुण्डाधुर सेवा शिक्षण समिति रायपुर द्वारा किया जा रहा है। उक्त संस्था में कुल 10 दिव्यांगजन निवासरत है। वहाॅ चिकित्सकीय सुविधा के साथ-साथ दिव्यांगजनों को समय पर नाश्ता, भोजन प्रदाय किया जा रहा है। भवन को दिव्यांगजनों हेतु सुगम्य बनाने निर्देशित किया गया। समिति द्वारा दिव्यांग प्रशिक्षण केन्द्र झलमला का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि उक्त भवन को दिव्यांग पुर्नवास केन्द्र के रूप में तैयार किया जाएगा। उक्त परिसर में बाउंड्रीवाल का निर्माण किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।