BY: RAVI BHUTDA
बालोद: कलेक्टर जनमेजय महोबे ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले में गोधन न्याय योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिले में अब तक गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर खरीदी और वर्मी खाद निर्माण की जानकारी ली। उन्होंने वर्मी खाद के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गौठानों में वर्मी टांके का आंकलन कर आवश्यकतानुसार वर्मी टांका निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को वर्मी खाद निर्माण हेतु स्वसहायता समूहों को प्रशिक्षण तथा पर्याप्त मात्रा में केचुॅआ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौठानों में गोबर व्यवस्थित रखा जाए। वर्मी खाद की पैकेजिंग व सुरक्षित भण्डारण हेतु सामुदायिक भवनों या अन्य स्थलों का चिन्हांकन कर लिया जाए। उन्होंने वर्मी खाद की ऑनलाईन एण्ट्री हेतु जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कृषि, पशुपालन, उद्यान और मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों को गौठानों व चारागाहों में आजीविका संबंधी गतिविधियों के संचालन में समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौठानों को आजीविका संबंधी गतिविधियों के संचालन केन्द्र के रूप में विकसित करें। उन्होंने कहा कि वर्मी खाद निर्माण के अतिरिक्त गौठान परिसर में मुर्गीपालन, मशरूम उत्पादन, चारागाह परिसर के डबरी व तालाबों में मछली पालन के साथ ही अन्य गतिविधियों के लिए स्वसहायता समूहों का चिन्हांकन कर उन्हें प्रशिक्षण दें तथा गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा गौठानों में स्वसहायता समूहों के सदस्यों को नियमित रूप से मार्गदर्शन दिया जाए। पशुपालन विभाग गौठानों में पशु चिकित्सा शिविर आयेाजित करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी लोकेश कुमार चन्द्राकर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।