BY: एजेंसी
नई दिल्ली: सोने के भाव में लगातार चौथे दिन बढ़ोतरी हुई वहीं चांदी की कीमत में एक दिन की गिरावट गुरुवार को फिर बढ़ोतरी हुई। वैश्विक बाजारों के मजबूत रुख से गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 158 रुपए की बढ़त के साथ 50,980 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। बुधवार को सोना 50,822 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था और चांदी भी 697 रुपए के उछाल के साथ 62,043 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले सत्र में चांदी 61,346 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। उधर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बढ़त के साथ 1,916 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। चांदी भी लाभ के साथ 24.34 डॉलर प्रति औंस पर थी।
सोने की कीमत में 226 रुपए की बढ़ोतरी होने के बाद सोने का भाव 51532 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। जबकि चांदी की कीमत 1556 रुपए बढ़कर 62799 रुपए प्रति किलो हो गई। 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने का भाव 51530 रुपए है जबकि 22 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने का भाव 47200 रुपए है। हाजिर मांग बढ़ने से सटोरियों ने अपने सौदे बढ़ाये। इससे गुरुवार को सोना वायदा भाव 593 रुपए मजबूत होकर 51,413 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में दिसंबर माह में डिलिवरी वाले सोना वायदा की कीमत 593 रुपए यानी 1.17% की तेजी के साथ 51,413 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। इसमें 12,409 लॉट के लिए कारोबार किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.94% की वृद्धि के साथ 1,914.00 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।