BY: RAVI BHUTDA
बालोद: कलेक्टर जनमेजय महोबे ने गुरुवार को डौण्डी तहसील के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने डौण्डी तहसील के धान खरीदी केन्द्र चिखलाकसा, डौण्डी, कुंआगोंदी और आमाडुला का निरीक्षण कर किसानों द्वारा विक्रय के लिए लाए गए धान का अवलोकन किया और नमीमापक यंत्र से धान की नमी का परीक्षण कराया। कलेक्टर ने धान विक्रय के लिए आए किसानों से चर्चा की। उन्होंने समिति प्रबंधकों से कहा कि धान बेचने आए किसानों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दें। कलेक्टर ने नवीन धान खरीदी केन्द्र चिखलकसा में जल निकासी हेतु उचित व्यवस्था करने तथा असमय वर्षा से धान के बचाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र डौण्डी और कुंआगोंदी में अमानक बारदानों को पृथक से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र आमाडुला में खुले में रखे गए बारदानों को शेड में व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। सभी धान खरीदी केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में नए व पुराने बारदानों की उपलब्धता पाई गई। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु मास्क का उपयोग, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने तथा नियमित हैण्ड सेनेटाईजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अवसर पर एसडीएम ऋषिकेश तिवारी मौजूद थे।
