प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच आज स्वास्थ्य विभाग ने रेड, आॅरेंज और ग्रीन जोन वाले विकासखंडोें की नई सूची जारी कर दी है। सूची के अनुसार प्रदेश के इक्कीस जिलों के एक सौ एक विकासखंड रेड जोन में हैं। रायपुर के पांच विकासखंड भी रेड जोन में शामिल हैं। इसके अलावा राजनांदगांव जिले के सर्वाधिक नौ विकासखंड रेड जोन में हैं। रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में आठ-आठ, जशपुर में सात, बलरामपुर, महासमुंद और दुर्ग जिले के पांच-पांच विकासखंडों को भी रेड जोन घोषित किया गया है। वहीं, चैंतीस विकासखंडों को आॅरेंज जोन में रखा गया है।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग के अनुसार केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक प्रदेश के सभी विकासखंडों और शहरी क्षेत्रों में कोरोना वायरस संक्रमण के सक्रिय मामलो की संख्या, इनके दोगुने होने की दर तथा प्रति एक लाख जनसंख्या पर नमूनों की जांच की ताजा स्थिति के आधार पर यह वर्गीकरण किया गया है।